गोरखपुर। साहबगंज कांवड़िया संघ की ओर से आयोजित शिव महापुराण कथा समापन मंगलवार को हो गया। सवा लाख पार्थिव पूजन महोत्सव की पूर्णाहुति बुुधवार को होगी। सातवें दिन मंगलवार को कथा को विश्राम देते हुए व्यासपीठ से संत रविशंकर ने भगवान शिव के पंचाधारी स्वरूप, भस्म महिमा और शिव तत्व से जुड़े अनेक दुर्लभ प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया।
मंगलवार को कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्ममुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। मुख्य यजमान ममता खेमका व महेश खेमका परिवार ने वेदी पूजन संपन्न किया। इसके बाद पार्थिव शिव निर्माण अनुष्ठान के अंतर्गत सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग बनाकर शिव परिवार को विराजमान किया और श्रद्धा-भक्ति के साथ पूजन किया।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं माता पार्वती का गंगाजल, पुष्प, बेलपत्र, वस्त्र, मिष्ठान्न, धूप-दीप और प्रसाद अर्पित कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि, आरोग्यता तथा मंगल की कामना की। साथ ही भगवान शिव से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद भी मांगा। कथा के दौरान संत रविशंकर ने कहा कि भगवान शिव केवल देवों के देव महादेव ही नहीं, बल्कि करुणा, त्याग, समर्पण और लोक कल्याण के प्रतीक हैं। मीडिया प्रभारी अनूप अग्रहरि ने बताया कि बुधवार को भजन गायक पिंटू शर्मा तथा भजन गायिका ऋचा सिंह की संगीतमय प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर करेंगी।
इस अवसर पर अर्चना अग्रवाल, अंकिता बजाज, दिव्या अग्रवाल, ऋचा अग्रवाल, पूनम त्रिपाठी, सुनीता गर्ग, सुमन जैन, सृष्टि केडिया, अनिता अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, सरोज छापोलिया, मीना जायसवाल, हर्षिता खेमका, स्नेहा खेमका, पूनम मद्देशिया आदि मौजूद रहीं।