- मोहद्दीपुर नहर पुलिया के पास सोमवार को डिवाइडर पर चढ़ी थी कार, पुलिस ने कार को किया सीज
- शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप
गोरखपुर। मोहद्दीपुर स्थित नहर पुलिया के पास सोमवार रात डिवाइडर पर कार चढ़ाने के मामले में कैंट पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। महाराजगंज निवासी युवक शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर मंगलवार को शांतिभंग की आशंका में चालान किया है। पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने के आरोप में कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर न्यायालय में आरोप पत्र भी प्रेषित कर दिया। हादसे में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया गया है।
सोमवार रात करीब 10 बजे शहर की ओर आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर मोहद्दीपुर नहर पुलिया के पास डिवाइडर पर चढ़ गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ समय के लिए शहर की ओर आने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान चालक की पहचान महाराजगंज जिले के कोठीभार क्षेत्र स्थित पोखरभिंडा निवासी शिवम मिश्रा के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह देवरिया से लौट रहा था। पुलिस ने मौके पर चालक का ब्रीद एनलाइजर टेस्ट कराया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध नशे की हालत में वाहन चलाने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। मामले में त्वरित विवेचना पूरी कर आरोप पत्र भी न्यायालय भेज दिया गया है।