ईद-उल-अजहा पर कुर्बानी के लिए लाए गए बकरों ‘शाहरुख-सलमान’ की जोड़ी अपनी कीमत के कारण चर्चा में है। डेढ़-डेढ़ लाख रुपये कीमत वाले इन बकरों में हर एक का वजन डेढ़ क्विंटल से अधिक है। यह खाने में काजू बादाम खाते हैं। मोहल्ला रहमतनगर निवासी सूफियान ने इन्हें खरीदा है। साथ ही दस दिन तक इनकी देखभाल की व्यवस्था की है।
सूफियान इन बकरों को अकबरपुर से खरीद कर लाए हैं। शाहरुख तोतापरी तो सलमान सिरोही नस्ल का है। शाहरुख का वजन 152 किलोग्राम और सलमान 158 किलोग्राम का है।
मोहल्लों में आने लगे बकरों के कारोबारी
मुस्लिम बहुल इलाकों में कारोबारी बकरों के झुंड लेकर पहुंच रहे हैं। इटावा, कानपुर, फतेहपुर, सीतापुर, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, बलिया, भभुआ आदि जिलों से यहां कारोबारी आ रहे हैं।
यह अपने साथ देसी, जमुनापारी, तोतापरी, बरबरी, सिरोही, राजस्थानी आदि नस्लों के बकरे ला रहे हैं। सैयद अहमद कादरी कहते हैं कि बकरों की नस्ल, वजन और कद काठी के आधार पर करीब पांच हजार रुपये से पच्चीस हजार रुपये तक के इनके दाम रखे जा रहे हैं।