कोतवाली थाना क्षेत्र में गिरा मकान ।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर के कोतवाली इलाके में घोषकंपनी चौराहे के पास पुराने जर्जर मकान की मरम्मत कार्य में लगे दो मजदूरों की छज्जा गिरने से दबकर मौत हो गई। जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृत दोनों मजदूर गोरखनाथ इलाके के रहने वाले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर के बाद उनके घर पर कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के बशारतपुर निवासी राजेन्द्र सिंह का घोषकंपनी चौक के पास गुड डे बेकर्स की गली में पुराना मकान है। जर्जर हो चुके इस मकान का वह मरम्मत करा रहे थे। बताया जा रहा है कि मकान में कई मजदूर लगाए गए थे। निर्माण कार्य के दौरान ही शनिवार की शाम चार बजे के करीब अचानक मकान का छज्जा भरभरा कर गिर गया जिससे चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
अन्य मजदूरों और आसपास के लोगों ने किसी तरह से उन्हें बाहर निकाला। लेकिन तब तक मलबे के नीचे दबे मजदूर जहीर खान 36 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे मजदूर कमल चौहान 34 वर्ष सहित दो अन्य मजदूरों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां कुछ देर बाद कमल की भी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस के मुताबिक जहीर बनकटवा व कमल चौहान पचपेड़वा का निवासी था। जिला अस्पताल पहुंचे परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे एसएसआई संजीव सिंह, उप निरीक्षक प्रेमचंद यादव, नगर निगम चौकी प्रभारी अरविंद राय आदि ने घटना की जानकारी लेने के साथ ही परिवारीजनों को सांत्वना दी। इस संबंध में सीओ कोतवाली बीपी सिंह ने बताया कि छज्जा गिरने से दो मजदूरों की मौत हुई है। जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।