- चौरीचौरा में रेलवे ट्रैक पर ट्रक के खराब होने से 02564 क्लोन एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन हुआ प्रभावित
सरदारनगर/चौरीचौरा(गोरखपुर)। चौरीचौरा पुलिस थाने के पास रेलवे ढाला संख्या 146-बी पर बृहस्पतिवार सुबह गिट्टी लदा ट्रक खराब हो गया। इसके कारण गाेरखपुर-भटनी मार्ग पर रेल यातायात करीब एक घंटे (करीब 62 मिनट) तक प्रभावित रहा। ट्रक के ट्रैक पर फंस जाने से 02564 क्लोन एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। काफी मशक्कत के बाद दो जेसीबी की मदद से ट्रक को हटाकर ट्रैक बहाल कराया जा सका।
जानकारी के अनुसार, सुबह 9:05 बजे गिट्टी लदा ट्रक रेलवे ढाला पार करते समय अचानक खराब होकर ट्रैक पर फंस गया। ट्रक की कमानी टूटने के कारण वह आगे नहीं बढ़ सका। घटना की सूचना मिलते ही गेटमैन अनीस कुमार ने रेलवे अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और ट्रैक खाली कराने की कोशिश शुरू की गई।
ट्रक में भारी मात्रा में गिट्टी लदी होने के कारण उसे हटाने में कठिनाई हुई। मौके पर दो जेसीबी मशीनें बुलानी पड़ीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को ट्रैक से हटाया गया। सुबह 10:07 बजे रेलवे ट्रैक पर यातायात बहाल हो सका।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस घटना के चलते 02564 क्लोन एक्सप्रेस करीब 50 मिनट प्रभावित रही। अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। वहीं ढाला के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गैटमैन अनीस कुमार के शिकायती पत्र के आधार पर आरपीएस उप निरीक्षक पूनम पाठक ने गिट्टी लदे ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
दस दिन में तीन ट्रक हो चुके हैं खराब
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ढाला पर ट्रैक सड़क से काफी ऊंचा है। इसी कारण अक्सर भारी और लोडेड वाहन क्रॉसिंग पार करते समय फंस जाते हैं। लोगों के अनुसार, पिछले दस दिनों में तीसरी बार लोडेड ट्रक रेलवे ढाले पर खराब हुआ है। लोगों ने रेलवे प्रशासन से ढाला की संरचना में सुधार कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।