गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमण की जांच में उतार-चढ़ाव जारी है। सोमवार को सात लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, दो लोगों ने कोरोना को मात दी है। अब सक्रिय मरीजों की संख्या 237 हो गई है। एक दिन पहले छह मार्च को तीसरी लहर में पहली बार संक्रमितों की संख्या शून्य हो गई थी। वहीं, सात हजार से अधिक को कोरोना का टीका लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, सात लोग जो नए संक्रमित मिले हैं उनमें गोरखनाथ के 61 वर्षीय बुजुर्ग, भटहट के दो, गगहा, सहजनवां, उरुवा, बड़हलगंज के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि पहली लहर से लेकर अब तक जिले में 66,781 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 65,686 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। 858 की मौत हो चुकी है। उन्होंने बचाव की अपील की है।
उधर, कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत सोमवार को 189 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर सात हजार से अधिक को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। बूथों पर बहुत कम संख्या में लोग पहुंचे। दोपहर बाद बूथों पर सन्नाटा हो गया था।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन प्रसाद ने बताया कि टीकाकरण का आंकड़ा 67 लाख 64 हजार से अधिक पहुंच गया है। इनमें पहली डोज वालों की संख्या 38 लाख 23 हजार और दूसरी डोज वालों की संख्या 28 लाख 81 हजार से अधिक हो गई है। प्रीकॉशन डोज की बात करें तो यह आंकड़ा 59 हजार से अधिक पहुंच गया है।