चोरी की लग्जरी गाड़ियों से होती थी शराब तस्करी।
- फोटो : अमर उजाला।
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने चोरी की लग्जरी गाड़ियों से उत्तर प्रदेश से बिहार शराब की तस्करी करने वाले गैंग को गिरफ्तार किया है। गैंग चोरी की गाड़ियों से शराब की सप्लाई करने के साथ गाड़ियों को भी बिहार में बेचते थे। यह गिरफ्तारी रामगढ़ताल थाने में दाखिल की गई है। सभी सात आरोपी गोरखपुर, देवरिया और बिहार के रहने वाले हैं।
एसटीएफ ने इनके पास से एक डीसीएम ट्रक समेत आठ लग्जरी कारें भी बरामद की हैं। यह सभी गाड़ियां चोरी की हैं। इसके अलावा इनके पास से 610 शीशी अवैध देसी शराब और 12 मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान, मुदित राय उर्फ मीतू निवासी देवरिया का रहने वाला है और गोरखपुर के शाहपुर इलाके के साकेत नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है।
इसी मोहल्ले का रहने वाले उमेश कुमार यादव, देवरिया भटवलिया के रहने वाले राजेश कुशवाहा, देवरिया गौरीबाजार के रहने वाले विनय राय उर्फ विशाल, बिहार के छपरा सारण के रहने वाले अजय शाह, अभिजीत कुमार सोनी उर्फ गोलू और धर्मेंद्र कुमार के रुप में हुई। एसटीएफ की पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि अजय शाह इस गैंग का सरगना है। वह बिहार समेत कई राज्यों से पहले से ही लग्जरी कारों की चोरी करता है।
चोरी के बाद एक-एक करके इन गाड़ियों को गैंग के दूसरे सदस्यों को दे देता है। इस पर गैंग के सदस्य चोरी की गाड़ियों पर दूसरा नंबर प्लेट लगाकर देवरिया लेकर जाते थे और वहां से शराब, गांजा की तस्करी कर बिहार भेजते थे। इस काम में अजय का सबसे करीबी अभिजीत सोनी था, जो तस्करी के रुपयों का पूरा हिसाब रखता था। बिहार में ही यह गैंग चोरी की गाड़ियों को भी भेजता था, जो नेपाल भेज दिए जाते थे। इसके अलावा बंगाल भी चोरी की गाड़ियां भेजी जाती थी।