कोरोना संक्रमित मरीजों की मौतों को रोकने के लिए विभाग ने रणनीति में बदलाव किया है। अब संक्रमित गंभीर मरीज कोविड लेवल टू और थ्री के अस्पतालों में भर्ती होंगे। इतना ही नहीं गंभीर मरीज रैपिड रिस्पांस टीम की सहमति के बिना होम आइसोलेशन में रह भी नहीं सकेंगे।
अगर कोई जबरदस्ती होम आइसोलेशन में रहता है तो टीम इसकी जानकारी संबंधित एसडीएम को देगी। इसके बाद प्रशासन की देखरेख में मरीज को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज, 100 बेड टीबी अस्पताल सहित रेलवे अस्पताल में लेवल-टू और थ्री के बेड बनाए गए हैं। इनके अलावा कुछ निजी अस्पतालों में भी लेवल टू और थ्री के बेड बनाए गए हैं। शुरुआती दिनों में बेड की समस्या ज्यादा थी। ऐसे में मरीजों को बेड के लिए परेशान होना पड़ता था। लेकिन मौजूदा समय में बेड की समस्या दूर हो गई है।