गोरखपुर। खोराबार स्थित ओमेगा पार्टी लॉन में अवैध हुक्काबार संचालन के मामले में पुलिस फॉरेस्ट क्लब के संचालक रक्ष ढींगरा समेत चार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार कर्मचारियों से पूछताछ में संचालक और मैनेजरों की भूमिका सामने आई है।
एसपी सिटी निमिष पाटील के अनुसार, मामले में ओमेगा पार्टी लॉन के मैनेजर सोनू गुप्ता, कैप्टन दीपक और बार मैनेजर सागर भी वांछित हैं। आरोप है कि लाइसेंस होने का झांसा देकर कम उम्र के युवक-युवतियों को हुक्का पिलाया जाता था और उनसे 1500 से 2000 रुपये वसूले जाते थे। पुलिस ने छापे में सात हुक्के समेत अन्य सामान बरामद कर दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच जारी है। ब्यूरो