गोरखपुर। फिनाइल के फर्जी ई-वे बिल की आड़ में 2,865 लीटर अंग्रेजी शराब बिहार भेजने के मामले में एसटीएफ ने तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी है। कंटेनर चालक थाना राम की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सामने आए पटना के शिवन सिंह और अनिल बायतू की तलाश की जा रही है। दोनों तक पहुंचने के लिए एसटीएफ उनके मोबाइल नंबर, संपर्कों और शराब की खेप भेजने से जुड़े लेनदेन की कड़ियां खंगाल रही है।
जांच का दायरा हरियाणा के अंबाला स्थित शराब फैक्टरी से लेकर बिहार के पटना तक फैल गया है। पूछताछ में चालक थाना राम ने बताया था कि अनिल बायतू ने अंबाला से शराब की खेप भेजने के लिए उससे संपर्क किया था। चालक के पास अनिल का मोबाइल नंबर भी मिला है। एसटीएफ इस नंबर के जरिये दोनों के बीच हुई बातचीत, अन्य संपर्कों और खेप रवाना होने से पहले हुए संवाद की पड़ताल कर रही है।
वहीं शिवन सिंह की भूमिका जानने के लिए शराब की खेप मंगाने, उसकी डिलीवरी लेने और बिहार में आगे खपाने से जुड़े तथ्यों को जोड़ा जा रहा है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और संपर्क सूत्रों की जानकारी जुटाई जा रही है। जरूरत पड़ने पर बिहार पुलिस से भी समन्वय किया जाएगा।
-
फैक्टरी से 323 पेटियां निकलने की जांच
जांच में अंबाला स्थित शराब फैक्टरी के कर्मचारियों की भूमिका भी एसटीएफ के रडार पर है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि शराब की 323 पेटियां फैक्टरी से किसकी अनुमति पर बाहर निकाली गईं और उन्हें फिनाइल बताकर बिहार भेजने की योजना किसने तैयार की थी। एसटीएफ यह भी पता लगा रही है कि शराब किसके नाम पर निकाली गई थी। चालक के पहले भी शराब की खेप ले जाने की जानकारी सामने आने के बाद उसकी पुरानी यात्राओं और संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।
-
फर्जी बिल्टी बनाने वालों तक पहुंचेगी जांच
तस्करी में फिनाइल के नाम पर तैयार फर्जी ई-वे बिल और दो कूटरचित बिल्टियां अहम साक्ष्य हैं। एसटीएफ इन दस्तावेज के आधार पर उन्हें तैयार करने वालों और इस्तेमाल की गई फर्मों की पहचान करने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी दस्तावेज बनाने में किसी कारोबारी प्रतिष्ठान या ट्रांसपोर्ट फर्म की मदद तो नहीं ली गई। इससे तस्करी की खेप को रास्ते में जांच से बचाने वाले लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।