पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए श्रद्धालु मंदिर की बजाए अपने घर में जलाभिषेक करें। अगर, मंदिर में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे तो सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो पाएगा। पुलिस कांवड़ यात्रा निकालने वालों से भी घरों में रहकर पूजा करने की अपील कर रही है।
साथ ही कांवड़ कमेटी और मंदिर समितियों के साथ बैठक करके शासन की गाइडलाइंस से अवगत करा रही है। कमेटियों की मदद से मोहल्लों में पुलिस एनाउंसमेंट करा रही है। इसके अलावा पुलिस बैठक करके जनता और धर्मगुरुओं की सहमति और सहयोग की अपील भी कर रही है।
महादेव झारखंडी शिव मंदिर, राजघाट मान सरोवर शिव मंदिर, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, कूड़ाघाट रामलीला मैदान, गोरखनाथ मान सरोवर शिव मंदिर, गोरखनाथ मोटे शिव मंदिर, पिपराइच भरोहिया शिव मंदिर सहित करीब पचास शिवालय हैं, जहां सावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है।
एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने बताया कि कांवड़ यात्रा निकालने पर रोक है। मंदिर में पूजापाठ के संबंध में गाइडलाइन जारी की गई है। सावन माह को देखते हुए कांवड़ समितियों और मंदिर पूजा समितियों से सहयोग की अपील की जा रही है। इसको लेकर सभी की जिम्मेदारी तय की गई है। जनता के भी बीच जाकर पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है।