गोरखपुर। भगवान शिव की आराधना का पवित्र माह सावन बृहस्पतिवार से शुरू हो रहा है। शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ जलाभिषेक करेंगे। सावन के पहले दिन को ध्यान में रखकर मंदिरों में साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शहर के महादेव झारखंडी मंदिर, बाबा मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, मानसरोवर मंदिर समेत शहर के प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की जाती हैं। मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेडिंग, पानी और दर्शन की व्यवस्था की जा रही है। कुनराघाट स्थित महादेव झारखंडी मंदिर के पुजारी रविंद्र नाथ ने बताया कि यहां सावन में श्रद्धालुओं की भीड़ होती है। यहां पर परिसर में मेला लगता है। श्रद्धालुओं के लिए सुबह चार बजे के बाद द्वार खोल दिया जाएगा।
बाबा मुक्तेश्वरनाथ मंदिर राजघाट में भी साफ-सफाई व अन्य तैयारियां चल रही हैं। मंदिर परिसर के अंदर की साफ-सफाई पूरी तरह से हो चुकी है। मंदिर के पुजारी शत्रुंजय ने बताया कि बाबा मुक्तेश्वर नाथ की महिमा अपरंपार है, यहां श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होती है। वहीं, मानसरोवर मंदिर अंधियारी बाग में भी तैयारियां चल रही हैं। यहां भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं।