शिकायतों का समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें
सलेमपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने अफसरों को दिए निर्देश
जिले की पांचों तहसीलों में कुल 111 शिकायतें आईं और आठ का मौके पर हुआ निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले की पांचों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां कुल 111 शिकायतें आईं और सिर्फ आठ का मौके पर निस्तारण हुआ।
सलेमपुर तहसील में डीएम आशुतोष निरंजन और पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र की मौजूदगी में शिकायतें सुनी गईं। डीएम ने कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि न बरतें।
डीएम ने राजस्व, विकास एवं पुलिस विभाग से जुडे़ सभी अधिकारी जिन प्रकरणों में संयुक्त रुप से निराकरण की आवश्यकता हो, उसमें आपसी समन्वय रखते हुए उन मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराएं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से जुडे़ मामलों की शिकायत सुनी व विभाग के अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इस दौरान कुल 64 मामले आए। जिसमें पांच का निस्तारण मौके पर हुआ। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम गुंजन द्विवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक पाण्डेय, तहसीलदार रामाश्रय, क्षेत्राधिकारी अंबिका राम, परियोजना निदेशक संजय पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित अन्य विभागो के अधिकारी, कर्मचारी, खंड विकास अधिकारी, थानाध्यक्ष गण आदि मौजूद रहे।
भाटपाररानी प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील मेें आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस मेंकुल 10 शिकायतें आईं। इसमें से एक का उप जिलाधिकारी ध्रुव कुमार शुक्ला ने मौके पर निस्तारण किया। इस दौरान तहसीलदार अश्विनी कुमार, सीओ पंचम लाल सहित तहसील के समस्त अधिकारी मौजूद रहे।
बरहज प्रतिनिधि के अनुसार, संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम प्रशासन कुंवर पंकज सिंह ने फरियाद सुनी। यहां कुल 21 मामले आए। इसमें से दो का निस्तारण हुआ। इस दौरान एसडीएम संजीव कुमार यादव, सीओ देवआनंद, तहसीलदार सतीश कुमार, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, आपूर्ति निरीक्षक युगल किशोर, इंस्पेक्टर टीजे सिंह, शैलेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
रुद्रपुर प्रतिनिधि के अनुसार, एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल नौ शिकायतें आईं। मौके पर एक भी शिकायतों का निपटारा नहीं हो पाया। इस अवसर पर तहसीलदार वंशराज राम, नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह, पूर्ति निरीक्षक अनूप शाही, बीईओ जया राय, डॉ. प्रभात राय आदि मौजूद रहे।
सदर तहसील परिसर में सीआरओ अमृत लाल बिंद की अध्यक्षता में शिकायतें सुनीं गईं। सात शिकायतों में एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान एसडीएम सदर सौरभ सिंह, तहसीलदार आनंद कुमार नायक के अलावा राजस्व, पुलिस सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
भटनी थाने का मामला कोतवाली सलेमपुर को दिया आदेश
सलेमपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में भटनी नगर पंचायत के केश्वर लाल पटवा की पत्नी फुलपति देवी ने टाइप किया प्रार्थनापत्र में बिना हस्ताक्षर के प्रस्तुत किया। उन्होंने पड़ोसी पर आरोप लगाया है कि उसका मकान बनवाने नहीं दे रहे हैं। प्रार्थना पत्र पर एसएचओ सलेमपुर को कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। जबकि यह मामला भटनी थाने का है। वहीं नगर के हरैया वार्ड के पूर्व सभासद संजय गुप्ता ने शिकायत की कि उनका मकान औरंगाबाद गांव में सलेमपुर नवलपुर मुख्य मार्ग पर है। मकान के आगे एक व्यक्ति द्वारा कब्जा कर लिया गया है।