बीएड प्रवेश परीक्षा के कारण टलीं विवि की परीक्षाएं
29, 30 और 31 जुलाई की परीक्षा अब 11, 12 और 13 को होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने 30 जुलाई को आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा के कारण वार्षिक परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है। अब 29, 30 और 31 जुलाई को होने वाली परीक्षा 11, 12 और 13 अगस्त को होगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार के अनुसार शासन से जारी निर्देश के अनुसार 30 जुलाई को बीएड में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया है। इसलिए 29, 30 और 31 जुलाई को आयोजित स्नातक व परास्नातक की वार्षिक परीक्षाएं क्रमश: 11, 12 और 13 अगस्त को आयोजित की जाएंगी। बस्ती के नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा का समय यथावत रहेगा और इसके लिए सभी केंद्राध्यक्षों को प्रश्नपत्रों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है ताकि नवीन तिथियों पर ही उसे प्रयुक्त किया जा सके।
22 से शुरू होंगी अवध विवि की परीक्षाएं
21 को बकरीद की छुट्टी के कारण समय सारणी में मामूली परिवर्तन
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर/बस्ती। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या से संबद्ध महाविद्यालयों के छात्रों की अंतिम साल की परीक्षाएं अब 22 जुलाई से होंगी। पहले यह परीक्षाएं 21 जुलाई से प्रस्तावित थीं, लेकिन बकरीद पड़ने के कारण विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परीक्षाएं टाल दीं।
आचार्य नरेंद्र देव किसान पीजी कॉलेज बभनान के परीक्षा नियंत्रक डॉ. एसके पांडेय ने बताया कि 21 जुलाई से समय सारणी जारी की गई थी। इसी दिन बकरीद की छुट्टी पड़ रही है। जिससे अंतिम साल की सभी परीक्षाएं अब 22 जुलाई से शुरू होंगी। 21 जुलाई के पेपर 14 अगस्त को होंगे और 30 जुलाई को होने वाली परीक्षा 16 अगस्त को होगी। परीक्षा केंद्रों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। परीक्षा समय तीन की बजाय डेढ़ घंटे का होगा। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से 10.30 बजे तक, द्वितीय पाली की दोपहर तीन से 4.30 बजे तक होगी। प्रथम और द्वितीय साल के छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया गया है।