गोरखपुर। गोलघर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अभिषेक शाही के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नवागत नगर आयुक्त अजय जैन व मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव से मुलाकात कर गोलघर बाजार की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही शीघ्र समाधान की मांग की।
व्यापारियों ने कहा कि गोलघर मार्केट में ई-रिक्शा संचालन प्रतिबंधित होने से ग्राहकों की संख्या में कमी आई है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मानसून से पूर्व नाला एवं पाथवे निर्माण कार्य पूरा कराने, नो वेंडिंग जोन का सख्ती से अनुपालन कराने तथा बाजार की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग रखी।
व्यापार मंडल की ओर से इंदिरा बाल विहार के बेसमेंट में पार्किंग तथा ऊपर के तल पर पार्क एवं फूड कोर्ट विकसित करने का सुझाव भी दिया गया। साथ ही मल्टी लेवल पार्किंग का 24 घंटे संचालन सुनिश्चित करने, जलकल परिसर स्थित आरओ प्लांट को चालू कराने तथा काली मंदिर के निकट मेडिकल स्टोर के बगल में सुलभ शौचालय निर्माण की मांग भी उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने गोलघर की प्रमुख गलियों गांधी गली, खोवा मंडी गली और काली मंदिर गली में ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने की आवश्यकता भी बताई ताकि बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या कम हो सके। वहीं गोरखपुर मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सेवा समिति के अध्यक्ष नवीन कुमार चौरसिया ने रेती रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में आनंद कॉम्प्लेक्स के सामने नगर निगम की लगभग 10 हजार वर्गफीट अनुपयोगी जमीन पर पार्किंग, शौचालय और धर्मशाला निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने मार्केट क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की आवश्यकता भी बताई। नगर आयुक्त ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरी शंकर सरावगी, संयोजक राजा त्रिपाठी, सह संयोजक नवीन कुमार चौरसिया, उपाध्यक्ष नरेश कुमार, मनोज राय समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।