सहजनवां (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र में अश्लील हरकतों का विरोध करने पर एक युवक ने महिला के घर में घुसकर मारपीट कर दी। हमले में महिला व परिवार की दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घटना सहजनवां नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ की है। कैंपियरगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला यहां किराये के मकान में अपने परिजनों के साथ रहती है। वह गीडा स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करती है, जबकि उसका पति मुंबई रहता है। पीड़िता के अनुसार, उसी फैक्टरी में काम करने वाला कैंपियरगंज क्षेत्र का युवक काफी दिनों से फोन व वीडियो कॉल कर अश्लील हरकतें करता था। हरकतें बढ़ती देख उसने पति को जानकारी दी। उसके पति ने आरोपी को चेतावनी दी।
आरोप है कि इससे नाराज युवक उग्र हो गया और महिला के किराये के मकान पर पहुंच गया। वहां उसने घर में घुसकर महिला, उसकी ननद और सास के साथ मारपीट कर दी।
थाना प्रभारी महेश चौबे ने बताया कि शिकायत के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पाबंद किया जा रहा है।