गोरखपुर। लापरवाही और उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार के मामले में कार्रवाई करते हुए सूरजकुंड स्थित नगरीय विद्युत वितरण उपखंड-पंचम के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) सुरेंद्र प्रसाद रस्तोगी को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) मुख्यालय वाराणसी के प्रबंध निदेशक शंभु कुमार की ओर से की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, विद्युत नगरीय वितरण खंड-गोरखनाथ के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में वाणिज्यिक पैरामीटर असंतोषजनक पाए गए हैं। इसके अलावा एसडीओ पर विभागीय कार्यों में रुचि न लेने, उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार करने तथा निगम को राजस्व की क्षति पहुंचाने के गंभीर आरोप लगे हैं। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद कठोर कदम उठाया गया है। इनके निलंबन की संस्तुति अधीक्षण अभियंता शहरी रणजीत चौधरी ने मुख्य अभियंता को पत्र भेजकर किया था।
मुख्य अभियंता आशुतोष श्रीवास्तव ने संस्तुति पर मोहर लगाते हुए प्रबंध निदेशक को कार्रवाई के लिए भेजा था, जिस पर प्रबंध निदेशक ने कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान सुरेंद्र प्रसाद रस्तोगी को मुख्य अभियंता (वितरण), बस्ती क्षेत्र से संबद्ध किया गया है।