- खाते में 61,863 रुपये जमा होने का मैसेज देखकर जांच कराने पहुंचा था खाताधारक
- आधार सेवा केंद्र पर रकम निकाले जाने की हुई जानकारी, दूसरे खाते में रकम ट्रांसफर होने की आशंका
गोरखपुर। साइबर जालसाजों ने खोराबार क्षेत्र के जंगल सिकरी गुप्ता टोला निवासी गणेश गुप्ता के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) खाते से 4.59 लाख रुपये निकाल लिए। 61,863 रुपये निकाले जाने का मैसेज मिलने पर उन्होंने आधार सेवा केंद्र पर जांच कराई तो खाते से पूरी रकम निकाले जाने की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर खोराबार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जंगल सिकरी गुप्ता टोला निवासी गणेश गुप्ता निजी कंपनी में काम करते हैं। इनका पीएनबी की कूड़ाघाट शाखा में खाता है। पीड़ित के मुताबिक, सात नवंबर 2026 को दोपहर 12:59 बजे उनके मोबाइल पर खाते में 61,863 रुपये निकाले जाने का संदेश आया। इसके बाद वह नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर खाते की जानकारी लेने पहुंचे। वहां पता चला कि खाते में मौजूद कुल 4,59,224 रुपये निकल चुके हैं। खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिलने पर गणेश गुप्ता बैंक पहुंचे और लेनदेन का ब्योरा मांगा।
आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने उन्हीं से सवाल करते हुए खुद रुपये निकालने या किसी को ओटीपी साझा करने की बात कही। पीड़ित का कहना है कि वह केवल बैंक जाकर ही अपने खाते से रुपये निकालते हैं और किसी अन्य माध्यम से लेनदेन नहीं करते। गणेश गुप्ता ने तहरीर में आशंका जताई है कि साइबर धोखाधड़ी के जरिये उनके खाते से रकम निकालकर किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर की गई है। उन्होंने पुलिस से रुपये वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।