विश्वविद्यालय चौराहे से महाराणा प्रताप मूर्ति तक चला नगर निगम का अभियान
अवैध तरीके से दुकान के बाहर किए गए निर्माण और छज्जों को भी तोड़ा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। नगर निगम की टीम ने गोरखपुर विश्वविद्यालय चौराहा से लेकर महाराणा प्रताप मूर्ति तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों से 1.13 लाख रुपये वसूले गए। साथ ही अवैध निर्माण और बाहर निकले छज्जों को तोड़ दिया गया।
शनिवार को अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने कृषि संयंत्रों व खाद-बीज की दुकानों पर लगे बोर्ड को उखाड़ दिया।नाले पर की गई रेलिंग और रैंप तोड़े। रेलवे बस स्टेशन के पास सबसे अधिक अतिक्रमण हटाते हुए तोड़-फोड़ की गई। सड़क किनारे खाने-पीने और किराने की दुकानों के आगे निकले छज्जे व अन्य अवैध निर्माण तोड़ दिए।
चौराहे से यातायात तिराहे वाले मार्ग से ठेले, गुमटियां जब्त करने के साथ ही टीम ने होटल के सामने अतिक्रमण कर लगाई गई अस्थायी दुकानों को तोड़ा गया। टीम ने बाकी बचे अतिक्रमण को हटाने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी है। दो दिन अभियान बंद रहेगा। इसके बाद मंगलवार को फिर टीम अभियान शुरू करेगी।