जोन के विभिन्न वितरण खंडों में दर्जनों सरकारी विभागों पर करीब 107 करोड़ से अधिक का बिजली बिल बकाया है। बिजली निगम इन विभागों से बकाया बिल की वसूली करने जा रहा है। इस संबंध में मुख्य अभियंता ने सभी सरकारी विभाग के जिम्मेदारों को पत्र लिखा है।
बिजली निगम के मुताबिक, सबसे बड़े बकाएदार पुलिस व डीडीयू विश्वविद्यालय है। इन पर करीब 8 करोड़ रुपये बकाया है। इन विभागों ने जुलाई-22 से एक रुपया जमा नहीं किया है। मुख्य अभियंता आशु कालिया ने विवि के कुलपति व एसएसपी को पत्र लिखकर बकाए के बारे में अवगत करवाया है। सप्ताहभर में करीब 8 करोड़ रुपये जमा करवाने के लिए कहा है।
मुख्य अभियंता ने डीएम व कमिश्नर को भी विभिन्न विभागों के बिजली बकाए की राशि से अवगत कराया है। जोन के छह वितरण मंडलों के अधीक्षण अभियंता अपने वितरण खंडों के जिम्मेदारों को निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी कनेक्शन से बकाया वसूली सुनिश्चित करें।
बकाया भुगतान नहीं होने पर सभी के कनेक्शन काटकर सेक्शन थ्री का नोटिस देकर रिपोर्ट करें। शहरी क्षेत्र के दर्जनों से अधिक सरकारी विभागों पर 23 करोड़ से अधिक का बकाया है।