गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में मंगलवार को तीन दिवसीय रोवर-रेंजर प्रवेश प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। जिला संस्था की ओर से आयोजित शिविर का शुभारंभ रोवर-रेंजर संयोजक प्रो. शरद कुमार मिश्र ने ध्वजारोहण कर किया।
मुख्य अतिथि छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. दिव्या रानी सिंह ने कहा कि रोवरिंग और रेंजरिंग युवाओं के व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम है। इसके प्रशिक्षण से युवाओं में नैतिकता, सामाजिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों के साथ आत्मानुशासन, सहयोग और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला मुख्यायुक्त प्रो. शांतनु रस्तोगी ने बताया कि प्रादेशिक मुख्यालय की ओर से उत्तर प्रदेश स्काउट केयर अभियान शुरू किया गया है। शिविर में युवाओं को सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला संगठन आयुक्त सूरज चंद गौतम ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि शिवा कुमार ने आभार व्यक्त किया। शिविर में दुर्गावती धुसिया, आनंद राज और विशाल यादव प्रशिक्षक की भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर रोहित सैनी, कार्यालय प्रभारी मनोज कुमार यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।