गोरखपुर जिले में मंगलवार को होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) जिले के 73 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी। परीक्षा के लिए आए परीक्षार्थियों व उनके परिजनों के चलते शहर में भीड़ व जाम की नौबत आ सकती है। इसको ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में रूट डायवर्जन लागू किया है।
एसपी यातायात आरएस गौतम ने बताया कि शहर के सभी बड़े कॉलेजों में परीक्षा होनी है। अधिकांश महिला परीक्षाथियों के साथ परिवार के लोग भी होते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में बाइक व चार पहिया गाड़ियां भी होंगी। इसके चलते जगह-जगह जाम की नौबत आ सकती है। परीक्षा के वक्त लगा यह जाम परीक्षार्थियों के लिए मुसीबत का सबब बन जाएगा।
इसको ध्यान में रखते हुए सभी चौराहों पर अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा रूट डायवर्जन की व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जाएगा। यातायात पुलिस लगातार सक्रिय रहेगी। एसपी यातायात ने बताया कि रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुबह सात बजे से रात में आठ बजे तक प्रभावी रहेगी।