प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम वर्ष 2021-22 की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मंडल में 312 लक्ष्य के सापेक्ष 285 आवेदन बैंकों द्वारा स्वीकृत तथा बैंकों द्वारा 161 को ऋण वितरित किया गया है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 311 लक्ष्य के सापेक्ष 218 आवेदनपत्र स्वीकृत तथा बैंकों द्वारा 138 को ऋण वितरित किया गया है। इसमें प्रगति काफी कम पाए जाने पर कमिश्नर ने उपायुक्त उद्योग कुशीनगर का वेतन रोकने का निर्देश दिया। कमिश्नर ने कहा कि बैंकर्स शासकीय योजनाओं से संबंधित पत्रावलियों का समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करें, पत्रावलियां अनावश्यक लंबित नहीं होनी चाहिए।
निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों को जल्द निपटाएं
कमिश्नर ने कहा कि निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों का निस्तारण समय से हो जाना चाहिए। समीक्षा के दौरान पाया गया था कि गोरखपुर में 27 नवंबर तक निवेश मित्र पोर्टल पर एकल मेज व्यवस्था के अंतर्गत निर्धारित समय सीमा के उपरांत विभिन्न विभागों के कुल 15 मामले लंबित हैं। महराजगंज में एक, देवरिया में तीन तथा कुशीनगर में एक मामले लंबित पाया गया।