सीएचसी के वरिष्ठ अधिकारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव
आज मेडिकल कॉलेज दोबारा भेजा जाएगा नमूना
रुद्रपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर के एलटी और प्राइवेट दाई के संक्रमित होने के बाद शुक्रवार को एक वरिष्ठ अधिकारी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। उनकी जांच ट्रू नैट मशीन से हुई थी। उन्हें फिलहाल आइसोलेट कर दिया गया है। शनिवार को दोबारा टेस्ट के लिए उनका नमूना गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा।
सीएचसी के एलटी का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज और दाई का देवरिया में चल रहा है। बारी-बारी से सीएचसी के डॉक्टर और कर्मचारियों के संक्रमित होने से स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। रुद्रपुर में वार्डो का सर्वे और स्क्रीनिंग का कार्य पांच दिनों से बंद है। सीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाओं की बहाली की तैयारी कर रहे जिला अस्पताल प्रशासन ने फिर से 48 घंटे के लिए स्वास्थ सेवाएं बंद कर दी हैं। एसीएमओ डॉ. डीवी शाही ने सीएचसी से जुड़े सभी नियमित और संविदा कर्मचारियों को नमूना देने को कहा है। उधर, सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि सीएचसी के वरिष्ठ अधिकारी का सैंपल मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। वहां से पुष्टि होने के बाद ही उन्हें पॉजिटिव माना जाएगा।