कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट।
- फोटो : अमर उजाला।
कुशीनगर के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तारीकरण में आने वाले सात गांवों के प्रभावित किसानों की भूमि की रजिस्ट्री का सिलसिला जारी है। सोमवार को उप निबंधक कार्यालय कसया में खोराबर और परसहवां गांव के 11 किसानों की भूमि की रजिस्ट्री हुई।
इसमें खोराबर गांव के सात किसानों की 0.1790 हेक्टेयर और परसहवां के चार किसानों से 0.18666 हेक्टेयर भूमि नागरिक उड्डयन विभाग, उत्तर प्रदेश के पक्ष में क्रय की गई। इसके लिए खोराबर के किसानों को बीस लाख 76 हजार चार सौ रुपये और परसहवां के चार किसानों को 32 लाख 27 हजार आठ सौ 67 रुपये खाते में भेजा गया।
रजिस्ट्री करने वालों में कुमकुम, रामप्यारे, चंडी, ईश्वर देव, भोला, मूरत, रामप्रवेश, काशीनाथ, राकेश दुलारे, अरविंद और आलम खां शामिल रहे। बता दें कि खोराबर के किसान सर्किल रेट से चार गुना कीमत की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रशासन समझाकर दो गुने रेट पर ही भूमि उड्डयन विभाग के पक्ष में कराने में सफल हो गया।
वहीं परसहवां के किसानों को चार गुना रेट दिया गया है। इस दौरान एएसडीएम हाटा राकेश कुमार सिंह, तहसीलदार न्यायिक पडरौना मांधाता सिंह, उपनिबंधक संतु कुमार रावत, हरिशंकर आदि मौजूद रहे।