रक्षामंत्री ने सांसद रवि किशन को आश्वासन देते हुए कहा कि यह प्रस्ताव आम नागरिकों के हित व उनके विकास से संबंधित है। इसलिए इस पर अवश्य विचार किया जाएगा।
गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने गुरुवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गुरु गोरक्षनाथ एयरपोर्ट के विस्तार की मांग की। साथ ही गोरखा रेजीमेंट की जमीन कैंट स्टेशन में मिलाने की भी मांग की। सांसद ने कहा कि गोरखपुर उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। यहां पीएम मोदी व सीएम योगी के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। अनेक औद्योगिक इकाइयां विकसित हो रही हैं। पर्यटकों की संख्या में आए दिन बढ़ोतरी हो रही है।
विज्ञापन
एयरपोर्ट का हो विस्तार
सांसद ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से कहा कि वर्तमान समय में एयरपोर्ट से कुल 13 उड़ाने हो रही हैं, जो कम हैं। यदि सेना की 35 से 40 एकड़ जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी को दे दी जाए तो यहां से प्रतिदिन 35 उड़ाने संभव हो सकेंगी। साथ ही एप्रन का भी विस्तार हो जाएगा। गोरखपुर जिला प्रशासन एंव भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण जमीन की अदला-बदली को लेकर तैयार है। इसका प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।