अब रेलवे में 4800 ग्रेड पे से ऊपर तैनात गैर राजपत्रित कर्मचारियों को राष्ट्रीय अवकाश के दिन काम करने पर भत्ता मिलेगा। यह भत्ता उनके वेतन के आधार पर निर्धारित होगा। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
रेलवे बोर्ड के इस फैसले से करीब पांच हजार से ज्यादा रेलकर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा। राष्ट्रीय अवकाश भत्ता की मांग नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मेंस के महामंत्री डॉ राघवैया ने रेलवे बोर्ड के साथ हुई स्थायी वार्ता तंत्र की बैठक में उठाया था। जिसके बाद रेलवे बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर इस्टेबिलेसमेंट एनपी सिंह ने चार फरवरी 2022 को जारी पत्र में कहा है कि लेवल-8 के तहत गैर राजपत्रित कर्मचारियों को राष्ट्रीय अवकाश भत्ता दिया जाएगा।
अभी 4800 ग्रेड पे के नीचे वेतन पाने वाले रेलकर्मियों को यह भत्ता दिया जाता है। इस निर्णय से रेलवे में स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, जेई, एकाउंटेंट आदि को सीधा लाभ होगा। इसके अलावा परिचालन और विद्युत निगम में काम करने वाले रेलकर्मी लाभांवित होंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद कुमार राय ने रेलवे बोर्ड के निर्णय का स्वागत किया है। कहा कि जोनल और मंडल स्तर पर इस फैसले को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि रेलकर्मियों को इसका लाभ मिलने लगे।