मिलावटी पनीर बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया। खजनी में पनीर की कई दुकानों पर टीम ने छापा मारा। इस दौरान दो दुकानों से पनीर के नमूने लिए गए। इन्हें लैब भेजा जाएगा, वहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
दरअसल, खजनी में मिलावटी पनीर का धंधा काफी फैला हुआ है। यहां पर डिमांड के अनुसार पनीर बनाकर बाजार में बेचा जाता है। शिकायत मिलने के बाद बृहस्पतिवार को टीम मौके पर पहुंची थी। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि खजनी तहसील में अभियान के दौरान भटियारी से रामानंद यादव की दुकान से खाद्य सुरक्षा अधिकारी नागेंद्र कुमार चौधरी ने नमूना लिया।
वहीं, बढ़यापार में श्रवण यादव की दुकान से सैंपल लिया। डॉ. सुधीर ने बताया कि अपना गुप्ता चिकन स्टोर परिसर में स्वच्छता में कमी पाए जाने पर नियमानुसार नोटिस दिया गया। ओरियन मॉल में बर्गर किंग में स्वच्छता/फूड सेफ्टी मानकों के उल्लंघन पर नोटिस दिया गया। वहीं, शुक्ला ट्रेडिंग कंपनी, जगदीशपुर बाजार में खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन में कमी पर नोटिस जारी किया गया।
जिलेभर में अन्य स्थानों पर भी पनीर, खोआ, मिठाई, घी और अन्य खाद्य उत्पादों की गहन जांच की गई। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने पर दोषी प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।