- जोन में लगे पुराने मीटरों में 80 प्रतिशत का लैब परीक्षण नहीं होने का आरोप
गोरखपुर। जंगल एकला के रहने वाले विनीत चौहान ने बुधवार को प्रेसवार्ता में दावा किया कि गोरखपुर जोन में लगाए गए बिजली के पुराने मीटरों में करीब 80 प्रतिशत का लैब परीक्षण नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि पुराने मीटरों को बिना आवश्यक आंकड़े जुटाए सीधे केंद्रीय स्टोर भेज दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वह मीटर का काम करते थे। उनके पास कुछ पुराने मीटर अभी भी मौजूद हैं। इस संबंध में बिजली विभाग और संबंधित कंपनी को कई बार अवगत कराया गया और पुराने मीटरों को वापस लेने की मांग की गई लेकिन न तो विभाग और न ही कंपनी की ओर से इन्हें वापस लिया गया।
विनीत चौहान ने बताया कि नवंबर 2025 में उनके ओर से यह मुद्दा उठाए जाने के बाद बिजली विभाग ने जांच के लिए टीम गठित की थी। आरोप है कि अब तक जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर कोई प्रभावी जांच नहीं की। विभाग से जानकारी मांगने पर बताया गया कि संबंधित कंपनी ने सभी पुराने मीटर जमा कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुराने मीटरों की जांच और उनकी रीडिंग का सत्यापन नहीं होने से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को बिल और रीडिंग को लेकर परेशानी हो रही है।