दस्त होने पर बच्चों को दें ओआरएस घोल : सीएमओ
देवरिया। दस्त नियंत्रण पखवाड़े का शुभारंभ बुधवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आलोक पांडेय ने बच्चों को ओआरएस घोल पिलाकर और ओआरएस पैकेट वितरित कर किया। उन्होंने कहा कि नवजात की मृत्युदर कम करने के लिए दस्त नियंत्रण पखवाड़ा शुरू किया गया है, जो 15 जून तक चलेगा।
सीएमओ ने कहा कि कभी-कभी बच्चों की मौत दस्त के कारण हो जाती है। माता-पिता के ध्यान न देने के कारण बच्चों की हालत खराब हो जाती है और समय से इलाज न होने से मौत भी हो सकती है। इससे बचाव और जागरूकता के लिए पांच वर्ष की उम्र तक के बच्चों के घर जाकर आशा कार्यकर्ता लोगों को दस्त से बचाव के बारे में बताएंगी। साथ ही ओआरएस वितरित करने के साथ लोगों को घर पर आरएस घोल बनाने का तरीका भी सिखाएंगी, जिससे बच्चों को दस्त होने पर तत्काल उन्हें ओआरएस दिया जा सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान व्यापक स्तर पर चलेगा।
एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने कहा कि अभियान में अगले 15 दिनों तक आशा घर-घर जाकर लोगों को ओआरएस के पैकेट वितरित करेंगी। साथ ही उन्हें दस्त से बचाव के उपाय भी बताएंगी। लोग अपने गांव की आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर दस्त से बचाव व रोकथाम आदि की जानकारी ले सकते हैं। पखवाड़े के दौरान शून्य से पांच वर्ष के बच्चों को दस्त के कारण होने वाली दिक्कतों को शत प्रतिशत रोकने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य इकाइयों पर ओआरएस पैकेट और जिंक की गोली पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करा दी गई है। दस्त की चपेट में आते ही बच्चों को ओआरएस के साथ जिंक की गोली दें।
इस दौरान पर एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र चौधरी, डा. राजेंद्र प्रसाद यादव, यूनिसेफ के बीएमसी गुजर त्यागी, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, एआरओ राकेश चंद, देवेंद्र सिंह और रविजीत सिंह आदि मौजूद रहे।