देवरिया जिले के जिला चिकित्सालय में टीकाकरण का काम कर रहे निजी कंपनियों के दो कर्मचारियों को गुरुवार की रात में कुछ लोगों ने घर में घुसकर पिटाई कर दी। आरोप है कि सीएमओ ऑफिस में तैनात एक कर्मचारी कुछ लोगों के साथ आया और पिटाई कर दी। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
सदर कोतवाली के सकरापार गांव निवासी शत्रुघन यादव और अंकित सिंह एक निजी कंपनी में काम करते हैं। दोनों का आरोप है कि गुरुवार की दोपहर में वैक्सीन डोज काउंटर पर तैनात एक महिला कर्मचारी ने वैक्सीन की कुछ डोज की हेराफेरी कर दी। इसको लेकर दोनों कर्मचारियों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर काफी नोकझोंक भी हुई।
शाम को करीब 8 बजे सीएमओ कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी शराब के नशे में धुत होकर कुछ लोगों को लेकर उनके आवास पर आया। इसके बाद दोनों पर हमला बोल दिया। बेल्ट और लात जूतों से पिटाई करते हुए रजिस्टर को फाड़ दिया। इतना ही नहीं पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। प्रभारी कोतवाल विपिन मलिक ने बताया तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है।