सीएम योगी बोले-यूपी में विरासत का सम्मान और विकास की गारंटी भी
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र व श्रीरामनवमी की शुभकामनाएं दीं
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में विरासत का सम्मान है और विकास की गारंटी भी। प्रदेश में सुरक्षा के बेहतर माहौल के साथ सरकार रामराज्य की अवधारणा को साकार कर रही है। यहां हर सज्जन शक्ति का संरक्षण है लेकिन दुर्जन शक्ति के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाती है। समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति के लिए संवेदना है लेकिन भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है।
गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार को कन्यापूजन के बाद प्रदेशवासियों चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि एवं श्रीरामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रामराज्य की अवधारणा से बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। पिछले 11 वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के अंदर, 6 करोड़ से अधिक गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाकर उन्हें सम्मानजनक जीवनयापन करने के अवसर प्रदान किए हैं।
हरेक क्षेत्र में विकास के साथ प्रदेश में दो करोड़ 61 लाख गरीबों को शौचालय, 65 लाख परिवारों को पीएम-सीएम आवास योजना का लाभ मिला है। 9 से 10 करोड़ लोगों को पीएम-सीएम जन आरोग्य योजना में पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा का कवर उपलब्ध कराया गया है। 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी गई है।
यूपी पुलिस में 20 फीसदी महिला आरक्षण
सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 20 फीसदी महिला आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस बल में वर्तमान में 44,000 से अधिक महिला पुलिस अधिकारी और कार्मिक सफलतापूर्वक इस अभियान को आगे बढ़ाकर महिला सुरक्षा और स्वावलंबन में योगदान दे रही हैं।