बड़हलगंज। मऊ के कोपागंज थाने की पुलिस ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद व समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 के तहत आरोपी विशाल सोनकर उर्फ राज की बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बसावनपुर और चिल्लूपार में स्थित अवैध संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की। कुर्क की गई संपत्ति का बाजारी मूल्य लगभग 70 लाख रुपये है।
कोतवाली बड़हलगंज प्रभारी सुनील कुमार राय ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देश पर चलाए जा रहे कुर्की अभियान के तहत की गई। अभियान में क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह, तहसीलदार सत्येंद्र मौर्य, कानूनगो श्रीराम मोती वर्मा, लेखपाल अरविंद कुमार विश्वकर्मा और कोपागंज पुलिस टीम शामिल रही।
आरोपी पर दोहरीघाट, घोसी और बड़हलगंज थाने में कुल नौ मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि कुर्क संपत्ति की जब्ती कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संवाद