गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग में बुधवार को अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। आईएमएस बीएचयू के एनाटॉमी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अमित कुमार नायक ने बताया कि सेंट्रल नर्वस सिस्टम की हिस्टोलॉजी को समझने के लिए प्रयोगशाला में सटीक स्लाइड तैयार करना बेहद महत्वपूर्ण है। बेहतर स्लाइड के माध्यम से तंत्रिका ऊतकों की सूक्ष्म संरचना का अध्ययन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
उन्होंने डिजिटल मॉर्फोमेट्री की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने अतिथि व्याख्यान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों के व्यावहारिक ज्ञान और शोध कौशल को मजबूत करते हैं। उन्होंने डॉ. नायक की शिक्षण शैली की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में एनाटॉमी विभाग के अध्यक्ष और शिक्षकों ने मुख्य वक्ता को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान विभाग के प्रोफेसर, रेजिडेंट डॉक्टर और बड़ी संख्या में एमबीबीएस छात्र मौजूद रहे।