यूपी में पंचायत चुनाव की तिथि अभी तय नहीं हुई है मगर इसे लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मतदाता सूची दुरुस्त करने के साथ ही शुक्रवार को सभी पदों के लिए बैलेट पेपर भी गोरखपुर पहुंच गए। दिल्ली से बैलेट पेपर लेकर चली आधी गाड़ियां गुरुवार को तो बाकी बची गाड़ियां शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय पहुंची।
सभी पदों प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए अलग-अलग 32.40 लाख बैलेट पेपर मंगाए गए हैं। इन्हें लाने के लिए डीएम की तरफ से नामित एक टीम 19 नवंबर को ही दिल्ली रवाना हो गई थी। वहां रूककर टीम ने बैलेट पेपर की छपाई करवाने के साथ ही उसे अपने साथ लेकर गोरखपुर पहुंची। सभी बैलेट पेपर निर्वाचन कार्यालय के गोदाम में सुरक्षित रखे गए हैं।
प्रधान का हरा, जिला पंचायत सदस्य का बैलेट पेपर गुलाबी सहायक निर्वाचन अधिकारी जगनरायण मौर्या ने बताया कि बैलेट पेपर गोरखपुर पहुंच गया है। प्रधान पद के लिए हरा, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नीला तथा जिला पंचायत सदस्य पद के लिए गुलाबी रंग का बैलेट पेपर है।