- परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी, 18,600 परीक्षार्थी होंगे शामिल
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित होने वाली सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। परीक्षा 18 और 19 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
जिले में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 18,600 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। एडीएम सिटी अंजनी सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों को निर्धारित समय के अनुसार ही प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। इसके अलावा बायोमेट्रिक सत्यापन और सीसीटीवी निगरानी की भी व्यवस्था की गई है।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी कर दी गई है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।