इसी सत्र से नए पाठ्यक्रमों के संचालन की तैयारी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में आधुनिक तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल की गई है। विश्वविद्यालय आगामी शैक्षणिक सत्र से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे उभरते क्षेत्रों में नए उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि युवाओं को भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के लिए तैयार करने पर केंद्रित दो नए कोर्स प्रारंभ किए जाएंगे। इसमें बीटेक इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस और बीसीए इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को एआई, मशीन लर्निंग, बिग डेटा एनालिटिक्स और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाना है ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त कर सकें।
कुलपति ने कहा कि आज के डिजिटल युग में ये तकनीक स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, वित्त, साइबर सुरक्षा और स्मार्ट सिटी विकास जैसे क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। उन्होंने बताया कि इन पाठ्यक्रमों की संरचना उद्योग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, जिससे छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान, अनुसंधान के अवसर और उन्नत तकनीकी कौशल प्राप्त होंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, विशेषज्ञ संकाय, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और उद्योग सहयोग के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाएगी।