एयरपोर्ट की तरह से गोरखपुर जंक्शन पर जल्द ही प्रीपेड ऑटो-टैक्सी सुविधा शुरू होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक की पहल पर लखनऊ मंडल प्रशासन ने यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एजेंसी नामित कर दी है। इससे यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। लोग सुरक्षित घर तक पहुंच सकेंगे।
गोरखपुर जंक्शन पर प्रीपेड ऑटो-टैक्सी सुविधा नहीं है। इससे ट्रेन से उतरने वाले लोग बाहर जाकर टैक्सी बुक करते हैं। इस वजह से मनमानी किराया देना पड़ता है। कई बार यात्रियों का सामान चोरी हो जाता है। साथ ही उनके साथ जहरखुरानी की घटनाएं भी हो जाती है। इस तरह की समस्याओं को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने इस सुविधा के लिए पहल की है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक स्टेशन पर टैक्सी सुविधा के लिए परिसर में अलग से पार्किंग बनाई जाएगी। बुक करने के लिए प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर अलग काउंटर खोले जाएंगे। 24 घंटे सहायकों की तैनाती होगी, जो यात्रियों के लिए ऑटो और टैक्सी बुक करेंगे। बुकिंग के दौरान वे यात्रियों को टोकन जारी करेंगे। टोकन के आधार पर ही यह सेवा मिलेगी। काउंटरों पर ही किराया अंकित रहेगा। हेल्प लाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे।