- समिति की रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग लेगा निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। भटहट क्षेत्र के तरकुलहा गांव स्थित एक हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इसकी जांच के लिए सीएमओ ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर विभाग निर्णय लेगा।
सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि अस्पताल संचालक इम्तियाज खान और जावेद खान से सात जनवरी तक अस्पताल से जुड़े कागजात समेत विभिन्न बिंदुओं पर जवाब मांगा है।
महराजगंज जिले के लखिमा गांव निवासी सुनील की पत्नी रीतू गर्भावस्था के दौरान अपने मायके गुलरिहा थाना क्षेत्र के परसौना गांव में रह रही थी। शनिवार को प्रसव के लिए उसे पास के तरकुलहा गांव स्थित जेके हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां ड्रिप चढ़ाने के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। आरोप है कि मौत की जानकारी परिजनों से छिपाकर अस्पताल प्रबंधन ने शव को मेडिकल कॉलेज के गेट पर छोड़वा दिया। पुलिस ने इस मामले में पोस्टमार्टम कराने के साथ ही प्राथमिकी भी दर्ज की थी।