- चार विषयों की हुई प्रायोगिक परीक्षा, 10,053 छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में प्रायोगिक परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जा रही हैं। इसी क्रम में 96 परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को प्रायोगिक परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई।
मंगलवार को भौतिकी, जीव विज्ञान, कृषि विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों की प्रायोगिक परीक्षा कराई गई। परीक्षाएं निर्धारित समय सारिणी के अनुसार संपन्न हुईं। प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरण, अभिलेख और परीक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसमें कुल 10,053 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह ने बताया कि प्रायोगिक परीक्षा नौ फरवरी तक आयोजित की जाएगी। निरीक्षण दल लगातार केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा ले रहा है। परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है और कहीं से किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है। छात्रों में परीक्षा को लेकर उत्साह और गंभीरता देखने को मिल रहा है।