फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चौरीचौरा शताब्दी महोत्सव: दीपों से रोशन होगी हर शहीद स्थली, सुबह प्रभात फेरी, शाम को पुलिस बैंड पर राष्ट्रधुन

Sun, 31 Jan 2021 09:47 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।
विज्ञापन
चौरीचौरा शताब्दी महोत्सव को यादगार बनाने में जुटा जिला प्रशासन। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन
चौरीचौरा की घटना के 100 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित हो रहे शताब्दी महोत्सव को शासन-प्रशासन यादगार बनाने में जुटा है। चार फरवरी को मुख्य महोत्सव वाले दिन सुबह विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के बच्चे और लोक कलाकार चौरीचौरा शहीद स्मारक तक प्रभात फेरी निकालेंगे तो शाम को पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रधुन का वादन होगा। शाम छह बजे चौरीचौरा समेत जिले के सभी शहीद स्थलों को दीपों से रोशन किया जाएगा।
विज्ञापन


वहीं, दिन में सुबह 10 बजे राष्ट्रीय गीत के बाद 10:15 बजे शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके ठीक बाद सुबह 11 बजे पीएम नरेंद्र मोदी का वर्चुअल उद्बोधन होगा। इस दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गोरखपुर से कार्यक्रम में जुड़ेंगे। शाम को कवि सम्मेलन होगा।

शनिवार को कमिश्नर जंयत नार्लिकर ने महोत्सव से जुड़े सभी विभागों के अफसरों के साथ चौरीचौरा शहीद स्मारक के पास बैठक कर तैयारियां जांची। कमिश्नर ने कहा कि आपसी समन्वय स्थापित कर जिसे जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरा करें, ताकि महोत्सव को पूरी तरह सफल बनाया जा सके।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि वैसे तो प्रदेश के सभी जिलों में भव्यता के साथ शताब्दी समारोह मनाया जाएगा, लेकिन गोरखपुर सहित मंडल के शहीद स्थलों ,शहीद ग्रामों, स्मारकों पर सप्ताह में एक दिन पुलिस बैंड द्वारा देश भक्ति की रचनाओं पर आधारित प्रस्तुति की जाए। 4 फरवरी को शहीद स्थलों, स्मारकों व ग्रामों में दीप प्रज्ज्वलन किया जाए। तीन, चार व पांच फरवरी को गोरखपुर जनपद सहित पूरे मंडल में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए।
विज्ञापन

तैयारियों की इन्हें दी गई है जिम्मेदारी

डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, डीआईजी /एसएसपी जोगिंदर कुमार ,सीडीओ इंद्रजीत सिंह, एडीएम वित्त राजेश कुमार सिंह, अपर आयुक्त अजय कांत सैनी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ एसडीएम सदर गौरव सिंह सोगरवाल, एसपी उत्तरी मनोज अवस्थी, एसपी ट्रैफिक आशुतोष शुक्ला, एसडीएम चौरी चौरा पवन कुमार, डीपीआरओ हिमांशु शेखर ठाकुर, डीएसओ आनंद सिंह सहित अन्य अफसरों को तैयारी की जिम्मेदारी दी गई है।

शहीदों की तीसरी पीढ़ी के 102 लोग चिह्नित
चौरीचौरा शताब्दी समारोह के मुख्य महोत्सव के दौरान चार फरवरी को चौरीचौरा कांड के शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा। चौरीचौरा के एसडीएम पवन कुमार ने बताया कि अब तक 102 लोग चिह्नित किए जा चुके हैं। यह संख्या 110 तक पहुंच सकती है। सभी शहीदों की तीसरी पीढ़ी के लोग हैं।

कमिश्नर ने हैलीपैड व रूट का किया निरीक्षण
शताब्दी वर्ष समारोह में मुख्यमंत्री व राज्यपाल के आगमन के मद्देनजर कमिश्नर जयंत नार्लिकर व डीएम के विजयेंद्र पांडियन ने कार्यक्रम पर सुरक्षा व्यवस्था, हैलीपैड स्थल और रूट का निरीक्षण किया। हैलीपैड के लिए कार्यक्रम स्थल के नजदीक जगह की तलाश की जा रही है। इसके लिए शहीद स्मारक के पास बंद पड़े मिल परिसर के अंदर की खाली जमीन देखी गई है।

अधिकारियों का मानना है कि सुरक्षा की दृष्टिकोण से यह स्थान सबसे उपयुक्त है। साथ में मौजूद डीआईजी ने सुरक्षा के दृष्टि से कार्यक्रम स्थल से रेलवे स्टेशन की तरफ बैरिकेडिंग की बात कही। वाहनों के पार्किंग स्थल व स्वागत द्वार बनाने पर भी चर्चा की गई। इस दौरान सीडीओ, एडीएम एफआर, एसडीएम, सीओ, एवं चेयरमैन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें