- बिजली अधिकारियों ने कहा- डीजे काफी चौड़ा और ऊंचा, प्रशासन से लगाम लगाने की अपील
गोरखपुर। डीजे ट्रॉली की ऊंचाई और चौड़ाई अधिक होने से बिजली के तारों के संपर्क में आने की आशंका को देखते हुए बिजली निगम ने सतर्कता बढ़ा दी है। डीजे ऑपरेटर की करंट लगने से मौत के बाद शहर के कई उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद कराई गई। वाहनाें को देखते हुए बीच-बीच में बिजली कुछ देर के लिए बहाल हुई। अधिकारियों ने प्रशासन से ऊंच डीजे पर लगाम लगाने की अपील की है।
पिपराइच क्षेत्र के जंगल अहमद अली शाह उर्फ तुर्रा बाजार के पास रविवार सुबह 10:30 बजे कांवड़ यात्रा समाप्त होने पर डीजे का साउंड बॉक्स उतारते समय बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में दो लोग आ गए। इसमें डीजे ऑपरेटर की मौत हो गई। बिजली अधिकारियों का कहना है कि डीजे ट्रॉली इतनी ऊंची और चौड़ी होती है कि कई स्थानों पर उसके बिजली के तारों के संपर्क में आने का खतरा बना रहता है। अधिकारियों ने कहा कि डीजे के गुजरने के दौरान आखिर कितनी देर तक बिजली आपूर्ति बंद रखी जाए। उनका कहना है कि डीजे की ऊंचाई और चौड़ाई कम होना जरूरी है, ताकि विद्युत लाइनों से हादसे की आशंका कम हो। वहीं पादरी बाजार के जेई नवनीत ने बताया कि हादसे के बाद यहां की बिजली काट दी गई है। बीच-बीच में वाहनों को ध्यान रखते हुए बिजली बहाल की जा रही है।
विगत दिनों लोगों को लग चुका हैं करंट
विगत दिनों खंभे में करंट आने से कई हादसे हाे चुके हैं। बांसगांव थाना क्षेत्र के धमऊर गांव निवासी ठेला चालक के 16 वर्षीय बेटे पुरुषोत्तम की बृहस्पतिवार को रुस्तमपुर में बिजली के संपर्क में आने से मौत हो गई थी। इसी दिन बड़गो मौलवी चौक के पास मकान पर कार्य करने के दौरान करंट लग जाने से मजदूर जवाहर (40) की मौत हो गई। शनिवार को बक्शीपुर में खंभे में करंट उतरने से एक व्यक्ति को करंट लगा, हालांकि जान माल का नुकसान नहीं हुआ।
-खंभे की टेस्टर से जांच कराई गई
सोमवार को सावन के तीसरे सोमवार को देखते हुए विद्युत विभाग ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती। नगर के चारों डिवीजन के कर्मचारियों को लगाकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में बिजली के खंभे की टेस्टर से जांच कराई गई। यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो। अधीक्षण अभियंता शहरी रणजीत चौधरी ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार को भोले बाबा को जल चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर में पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और विद्युत व्यवस्था सुरक्षित बनी रहे, इसके लिए विद्युत विभाग की पूरी शहरी टीम मुस्तैद है।
तार व खंभे की हाइट मानक के अनुरूप है। डीजे ज्यादा ऊंचा होने से पादरी बाजार में हादसा हुआ है। इस पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन से भी गुहार लगाई जा रही है। बिजली आवश्कतानुसार काटी जा रही है। तार की ऊंचाई को देखते हुए ही डीजे की साइज होनी चाहिए।
-पंकज अग्रवाल, मुख्य अभियंता वितरण