- धर्मशाला अंडरपास से लेकर खोराबार और ग्रीन सिटी तक प्रस्तावित चौकियां, जिले में संख्या 50 के पार होगी
गोरखपुर। शहर के बढ़ते विस्तार और रिंग रोड के आसपास बढ़ रही गतिविधियों के बीच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिले में छह नई पुलिस चौकियां खोलने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए स्थान भी तय कर लिए गए हैं। नई चौकियों के शुरू होने के बाद जिले में पुलिस चौकियों की संख्या 50 से अधिक हो जाएगी। वर्तमान में करीब 45 चौकियां संचालित हैं।
प्रस्तावित चौकियों में धर्मशाला अंडरपास, खोराबार क्षेत्र में तीन स्थान, गुलरिहा थाने के पीछे और ग्रीन सिटी के पास के इलाके शामिल हैं। इन चौकियों का उद्देश्य तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच बढ़ाने के साथ घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है। गुलरिहा थाने के पीछे प्रस्तावित चौकी को खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह इलाका फिलहाल पिपराइच थाना क्षेत्र में आता है लेकिन भौगोलिक रूप से गुलरिहा थाने के काफी करीब है। थाना सीमा अलग होने के कारण यहां गुलरिहा पुलिस की नियमित निगरानी सीमित रहती है। चौकी खुलने के बाद क्षेत्र में पुलिस की सीधी निगरानी बढ़ेगी और सूचना मिलने पर कम समय में मौके पर पहुंचना संभव होगा।
रिंग रोड से जुड़े इलाकों में भी नई चौकियों के जरिये गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी। इससे अपराध की रोकथाम के साथ किसी घटना की स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया समय कम होने की उम्मीद है।
सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क भी होगा मजबूत
एसएसपी ने सभी चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सीसी कैमरों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया है। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और महत्वपूर्ण मार्गों पर कैमरे लगाने पर जोर दिया जा रहा है। पुराने कैमरों की भी जांच कर खराब या बंद कैमरों को चिह्नित कर दुरुस्त कराया जाएगा। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि छह नई पुलिस चौकियों का प्रस्ताव तैयार है। चौकियों के लिए स्थान भी मिल गया है। जल्द ही इन्हें शुरू कर दिया जाएगा।