गीडा सेक्टर-13 की कीचड़ से सनी सड़क पर चलना हुआ दुभर।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के सहजनवां के कालेसर जीरो प्वाइंट से गीडा सेक्टर-13 की ओर जाने वाली सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। ऐसे में लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भरने से हादसे की आशंका बनी रहती है।
पिछले दिनों उद्यमियों ने इस संबंध में गीडा के अधिकारियों से वार्ता की थी। कहा था कि गड्ढों में ईंट के टुकड़े और गिट्टी डाल दी जाए तो मुश्किल कम हो जाएगी। सुझाव के बाद विभाग ने गिट्टी डालने के बजाय उसमें मिट्टी डाल दी जिससे स्थिति और नारकीय बन गई। गड्ढे अब दलदल में बदल गए हैं जिसमें रोज गाड़ियां फंस जा रही हैं। एक उद्यमी की गाड़ियां फैक्ट्री तक न पहुंच पाने के कारण उद्योग को बंद करना पड़ा।
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष दीपक कारीवाल का कहना है कि मेरी फैक्ट्री के सामने की सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। किसी भी वाहन के फैक्ट्री तक ना आने की वजह से फैक्ट्री का उत्पादन बंद हो चुका है। इस बारे में गीडा के अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद सड़क पर गड्ढों में मिट्टी डलवा दी गई जो कि बारिश होने से दलदल हो गई है। वर्तमान में इस सड़क से आवागमन पूरी तरह बंद हो चुका है। इस संबंध में गीडा के मेंटेनेंस अधिकारी ने बताया सड़क का इस्टीमेट पास हो चुका है परंतु निर्माण में थोड़ा विलंब है।