पूर्वोत्तर रेलवे में 5196 पदों पर होगी भर्ती
गोरखपुर। रेलवे में ग्रुप ‘सी’ व ग्रुप ‘डी’ में तीन वर्गों में भर्ती के लिए 15 दिसंबर से होने वाली कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा के लिए तैयारी शुरू कर दी गई हैं। पूर्वोत्तर रेलवे में कुल 5196 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं जून 2021 तक चलेंगी। परीक्षा केंद्रों पर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य है। कम संख्या में ही परीक्षार्थियों को बुलाया जाएगा। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनोद कुमार यादव ने सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को सहयोग करने व संसाधनों को उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा है।
रेलवे भर्ती बोर्ड ने पूर्वोत्तर रेलवे में ग्रुप ‘सी’ के 1279 और ग्रुप ‘डी’ में 3917 के पद पर भर्ती करने की स्वीकृति प्रदान की है। जिसमें गार्ड, क्लर्क, ट्रैकमैन, प्वाइंटमैन आदि के पद शामिल हैं। पूर्वोत्तर रेलवे में ऑनलाइन परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण गोरखपुर रेलवे भर्ती बोर्ड करेगा। कोविड-19 के नियमों को पालन करते हुए ऑनलाइन परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
देेश भर में 2.4 करोड़ अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
परीक्षा की पूरी जिम्मेदारी रेलवे बोर्ड पर होगी। ग्रुप ‘सी’ और ‘डी’ के (लेबल वन, नान टेक्निकल और लिपिकीय संवर्ग) 1.4 लाख पदों पर तैनाती के लिए भारतीय रेलवे के पूर्वोत्तर रेलवे सहित सभी जोन में कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा आयोजित कराई जाएगी। इस परीक्षा में 2.4 करोड़ अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।
दिसंबर पहले सप्ताह से डाउनलोड होंगे प्रवेशपत्र
देेश भर से आए आवेदन फॉर्म की छंटनी पूरी कर ली गई है। दिसंबर के प्रथम सप्ताह से प्रवेश पत्र डाउनलोड होने लगेंगे। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण जोनल स्तर पर ही की जाएगी। जहां रेलवे प्रशासन की मौजूदगी में अभ्यर्थी ऑनलाइन परीक्षा देंगे।