फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर में बोले सीएम योगी: गोड़धोइया नाले के आखिरी छोर पर बनेगा तालाब व वाटर स्पोर्ट्स बॉडी

Sun, 17 Apr 2022 09:40 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

मुख्यमंत्री योगी ने दिया निर्देश, कहा-स्वच्छता व सौंदर्य का प्रतिमान बने गोड़धोइया नाला, नाले के दोनों तरफ बोल्डर पीचिंग करने व पौधरोपण का निर्देश, बोले- नाले में कूड़ा न फेंकने के लिए नागरिकों को करें जागरूक।
विज्ञापन
गोड़धोइया नाले का निरीक्षण करते सीएम योगी। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि गोड़धोइया नाले के आखिरी छोर पर तालाब और वाटर स्पोर्ट्स बॉडी विकसित की जाए। नाले के दोनों तरफ सड़क बनाई जाए और पौधरोपण किया जाए।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री, शनिवार को गोड़धोइया नाले का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दशकों तक उपेक्षा और गंदगी का पर्याय बना रहा गोड़धोइया नाला स्वच्छता, जलनिकासी की सुविधा और सौंदर्य का प्रतिमान बने, हमारी कोशिश अब इस दिशा में होनी चाहिए। नाले की तल्लीझार सफाई, दोनों तरफ सड़क निर्माण और पौधरोपण का काम करवाने के साथ ही अधिकारी, नागरिकों को इस बात के लिए भी जागरूक करें कि नाले में कूड़ा न फेंका जाए।

चारफाटक ओवरब्रिज के पास बिछिया मोहल्ले में गोड़धोइया नाले का अवलोकन व यहां चल रहे सफाई कार्य का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस नाले के सुंदरीकरण का प्रोजेक्ट महानगर वासियों के लिए कई मायने में महत्वपूर्ण है। नाले के कायाकल्प के बाद महानगर में पचास फीसदी आबादी की जल निकासी की समस्या का समाधान हो जाएगा। साथ ही यह शहर के खूबसूरत स्थलों में भी शामिल होगा।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि नाले के दोनों किनारे बोल्डर पिचिंग कराएं ताकि बरसात में पानी का फ्लो अधिक होने पर कटान न होने पाए। प्लास्टिक कचरे के निस्तारण के लिए कुछ स्थानों पर जालियां लगाने का भी निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे जरूरी है कि हम नागरिकों को लगातार जागरूक करते रहें कि वे अपने घरों का कूड़ा नाले में न फेंके। निरीक्षण के दौरान डीएम विजय किरन आनंद व नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि नाले के दोनों तरफ सात-सात मीटर की पक्की सड़क बनाई जाएगी। बता दें कि 942 करोड़ की लागत से इस नाले का कायाकल्प कराने का प्रस्ताव है। कुछ जगहों पर इसे गोमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

विज्ञापन

गोड़धोइया नाला का रूट मैप देखा, दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश
निरीक्षण के दौरान सीएम योगी ने गोड़धोइया नाला का रूट मैप भी देखा और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि नौ किलोमीटर की लंबाई वाले इस नाले की छह पोकलेन मशीनों से सफाई कराई जा रही है। काफी कार्य पूरा हो चुका है। नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों से जानकारी लेने के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नाले के अंतिम छोर पर, जहां वह रामगढ़ताल में मिलता है, वहां एक छोटा तालाब भी विकसित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि नाले के अंतिम छोर पर ही बच्चों व युवाओं के मनोरंजन के लिए वाटर स्पोर्ट्स बॉडी भी बनाने की दिशा में काम करें। इस अवसर पर मेयर सीताराम जायसवाल, सहजनवां के विधायक प्रदीप शुक्ला, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, एसएसपी डॉ विपिन ताडा, नगर निगम के उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा आदि भी मौजूद रहे।

चिंता मत करो- बनवाएंगे मकान, स्कूल जाने का भी होगा इंतजाम
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री की नजर नागरिकों व बच्चों के समूह पर पड़ गई। नागरिकों से संवाद करते हुए उनका हालचाल जाना। वहां मौजूद दो-तीन बच्चों से उनका नाम पूछा और सवाल किया, स्कूल जाते हो या नहीं? एक बच्चे ने उन्हें बताया कि स्कूल में दाखिला नहीं हुआ है।

उसने भावुकतापूर्ण अंदाज में यह भी कहा- महाराज जी! हमारा मकान नहीं है। मुख्यमंत्री योगी ने बच्चे के माथे पर हाथ फेरते हुए कहा- चिंता मत करो। हम मकान भी बनवाएंगे और स्कूल जाने का इंतजाम भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद स्थानीय पार्षद को उस बच्चे का स्कूल में एडमिशन कराने का निर्देश दिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें