फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: बांग्लादेश में सियासी उठापटक..साेने के धंधेबाजों की नींद उड़ी

विज्ञापन
विज्ञापन
बैंकॉक से बांग्लादेश के रास्ते होती है सोने की तस्करी, उड़ान बंद होने से लगा झटका
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो

गोरखपुर। बांग्लादेश में जनता के विरोध के बाद सत्ता परिवर्तन से सोने के धंधेबाजों को भी झटका लगा है। बैंकॉक से बांग्लादेश के रास्ते ही भारत में अवैध सोना लाया जाता है। बांग्लादेश के लिए बैंकॉक की उड़ान बंद होने से धंधेबाज परेशान हैं कि आपूर्ति अधर में लटक गई है। भारत से भी बांग्लादेश की उड़ानों को स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में बैंकॉक से चला सोना भारत नहीं पहुंच पाने से नुकसान के अंदेशे में धंधेबाजों की नींद उड़ गई है।
धंधेबाजों को यह भी चिंता सता रही है कि अगर बांग्लादेश में सियासी अस्थिरता लंबे समय तक रह गई तो इसका असर भारत में सोने-चांदी के भावों पर भी पड़ जाएगा। धंधेबाजों को पहले ही बजट में छह प्रतिशत ड्यूटी कम होने से चपत लग चुकी है, अब बांग्लादेश की सियासी अस्थिरता ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
विज्ञापन

धंधे से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि बैंकॉक से सीधे अवैध सोने की खेप नहीं आती है। बांग्लादेश सोने-चांदी की खरीद के लिए एकदम मुफीद होता है। बांग्लादेश में सोने पर पांच प्रतिशत वैट लगता है। इसके अलावा सीमा शुल्क के समान नियमों के तहत एक अंतरराष्ट्रीय यात्री को 234 ग्राम तक ठोस सोना लाने की अनुमति है, वहीं सामान्य यात्री 100 ग्राम तक सोने के आभूषण ड्यूटी-फ्री ला सकते हैं।
ऐसे में धंधेबाज टैक्स में लाभ लेने के लिए बैंकॉक से बांग्लादेश में वैध और अवैध सोना उतारते हैं। धंधेबाज अवैध सोने को ढाका से कोलकाता पहुंचा देते हैं। फिर कैरियर के सहारे पूर्वांचल के क्षेत्र में सोने की खेप पहुंच जाती है। बांग्लादेश के लिए सभी उड़ानें बंद होने से धंधेबाजों और तस्करों को झटका लगा है।
शहर के कई धंधेबाजों ने कोलकाता में खोल लीं दुकानें
गोरखपुर के धंधेबाजों के साथ मिलीभगत कर बड़हलगंज, गोला और सिकरीगंज के अलावा पीपीगंज, चौरीचौरा के कुछ लोगों ने कोलकाता में ही अपना धंधा जमा लिया है। इनमें कई ऐसे हैं, जिन्होंने कोलकाता के बड़ा बाजार (बुलियन मार्केट) में दुकानें तक खोल ली हैं। ये धंधेबाज बैंकॉक, ढाका होते हुए आया अवैध सोना कोलकाता में अपनी दुकानों पर ही सीधे रखवा लेते हैं। इसके अलावा कोलकाता के बल्लीगुंगे, बेहाला, ईस्ट बो बाजार, बनर्जी रोड, बैरकपुर, मुल्लिक रोड नकताला समेत बड़ा बाजार में गोरखपुर के कई धंधेबाजों ने अपना घर, अपार्टमेंट तक खरीद लिया है। कैरियर का काम करते-करते आज दुकान खोलकर कई बड़े व्यापारी भी बन गए हैं। इनके संबंध हिंदी बाजार समेत शहर के सराफा व्यापारियों से भी हैं।
विज्ञापन


पहले मिलकर काम करते थे, अब विरोधी हो गए

एजेंसी के सूत्रों की मानें तो शहर के कुछ ऐसे भी नाम हैं, जो धंधेबाजी में पहले कैरियर का काम करते थे, लेकिन अब खुद दुकान खोल कर अपने ही गुरु से अदावत कर बैठे हैं। जांच एजेंसी में भी इनके नाम खूब उछले थे, लेकिन बीच में एजेंसी की सख्ती की वजह से इन्होंने अपना काम हल्का कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी के पास इन धंधेबाजों की पूरी कुंडली है। एजेंसी उनकी गतिविधियों की निगहबानी भी कर रही है।

सोने का भाव

गोरखपुर- 72,300 रुपये प्रति 10 ग्राम

कोलकाता- 71600 रुपये प्रति 10 ग्राम

बैंकॉक वाला सोना- 70 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें