शव को कब्जे में लेती पुलिस। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के भगने बंधे पर मंगलवार को मिली युवती के शव की पहचान कराने वाले को पुलिस पांच हजार रुपये का इनाम देगी। बुधवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने इनाम की घोषणा की है।
वहीं, झंगहा पुलिस युवती के शव की फोटो की मदद से पहचान की कोशिश कर रही है। आसपास के जिलों में भी फोटो भेजी गई हैं, लेकिन अभी कोई सुराग नहीं मिला है। शिनाख्त के लिए 72 घंटे के इंतजार के बाद, पोस्टमार्टम होगा।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह नौ बजे गांव के करीब बंधे के पास टहलने निकले ग्रामीणों ने चादर में लिपटा शव देखा था। पैर चादर के बाहर निकला था। पुलिस ने युवती की पहचान की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई थी।
पुलिस ने युवती की फोटो बीट पुलिस अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजकर आसपास के गांवों में दिखाना शुरू किया है। पुलिस का मानना है कि कहीं और हत्या कर शव को लाकर फेंका गया है।
इन नंबरों पर दें सूचना
एसएसपी : 9454400273
एसपी नार्थ : 9454400452
सीओ चौरीचौरा : 9454401416
थानेदार झंगहा : 9454403514
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने कहा कि युवती के शव की पहचान के लिए पुलिस लोगों की मदद मांग रही है। पहचान कराने वाले को पांच हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।