चुनाव और पर्व खत्म होने के बाद एडीजी अखिल कुमार ने एक बार फिर से विशेष अभियान चलाकर बदमाशों पर नकेल कसने का आदेश जारी कर दिया है। एडीजी ने जोन के सभी जिलों में 30 अप्रैल तक पांच बिंदुओं पर विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया है।
ऑपरेशन शिकंजा, विवेचना निस्तारण, रंजिशों का चिह्नांकन, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, ऑपरेशन तमंचा के तहत कार्रवाई करनी है। इसकी रिपोर्ट भी एडीजी दफ्तर को भेजनी होगी।
जानकारी के मुताबिक, विवेचना निस्तारण अभियान में सभी विवेचक को विवेचनाओं को गुणात्मक रूप से निपटाना है। सीओ प्रत्येक सप्ताह अर्दली रूप में कार्रवाई करते हुए इसकी समीक्षा भी करें। रंजिशों का चिह्नांकन अभियान बीपीओ (बीट पुलिस अधिकारी) को करना है। अपने बीट क्षेत्र में जाकर आठ घंटे की अवधि तक गांव में रहकर रंजिशों के बारे में जानकारी जुटानी है।
इस काम के दौरान प्रधान, पूर्व प्रधान समाज के सभी वर्गों के प्रतिनिधियों व आम लोगों से बात करनी है। विवाद सामने आने पर पाबंद किया जाए। गैंगस्टर एक्ट के आरोपितों पर कार्रवाई कर संपत्ति को कुर्क कराया जाए। ऑपरेशन शिकंजा और ऑपरेशन तमंचा को और प्रभावी बनाया जाए। एडीजी अखिल कुमार ने बताया कि जोन के सभी जिलों को आदेश भेजा गया है कि वे अभियान चलाकर बदमाशों पर कार्रवाई करें। कार्रवाई की समीक्षा भी की जाएगी।