बकरीद (ईद उल अजहा) को सकुशल संपन्न कराने के लिए रविवार को एसपी सिटी ने फोर्स के साथ कोतवाली, राजघाट क्षेत्र में गश्त की। धर्मगुरुओं के साथ ही स्थानीय लोगों से बातचीत कर माहौल को सौहार्दपूर्ण बनाए रखने को कहा। सुरक्षा के लिहाज से शहर को तीन जोन व नौ सेक्टर में बांटा गया है। सीओ को जोन व थानेदार को सेक्टर का प्रभारी बनाया गया है। सोमवार को सुबह 5.30 बजे मस्जिद के बाहर फोर्स तैनात हो जाएगी।
चौकी प्रभारी, हल्का दारोगा व बीट सिपाहियों की ड्यूटी संवेदनशील स्थानों पर लगाने के साथ ही नमाज के समय भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाली, राजघाट, तिवारीपुर व गोरखनाथ क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा व ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि शहर व ग्रामीण क्षेत्र में सुबह से ही फोर्स मुस्तैद रहेेगी। रविवार को फोर्स के साथ सभी सीओ व एडिशनल एसपी ने अपने-अपने क्षेत्र में गश्त किया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर किसी ने माहौल खराब करने का प्रयास किया तो सख्त कार्रवाई होगी।